
झांसी। देर रात एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। नवाबाद पुलिस टीम ने श्याम चौपड़ा के पास लाल रंग की थार गाड़ी सवार बदमाशों द्वारा बाइक सवारों पर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर मारपीट करते हुए एक युवक का अपहरण करने की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान आरोपियों को दबोच लिया और अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त लाल रंग की थार गाड़ी, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं तथा दो किशोरों को भी गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार बदमाशों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में आरोपियों ने दो लाख रुपये की फिरौती के लिए युवक का अपहरण करना स्वीकार किया है।
जानकारी के अनुसार राजपूत कॉलोनी निवासी अभय राजपूत अपने साथियों राज पाठक और ऋषभ राय के साथ शनिवार देर शाम बाइक से एकता गार्डन में आयोजित शादी समारोह में गया था। रात करीब साढ़े दस बजे तीनों शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी एग्जाम बिल्डिंग के पास लाल रंग की थार गाड़ी आकर रुकी और उसमें सवार दबंगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध और शोर मचाने पर बदमाशों ने तमंचे से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की और राज पाठक को जबरन गाड़ी में डालकर कानपुर हाईवे की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसएसपी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और पुलिस टीमों को सक्रिय किया। नवाबाद थाना और विश्वविद्यालय चौकी पुलिस देर रात पैरा मेडिकल कॉलेज के पीछे जंगल क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की और लाल थार सवार आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चिरगांव के बाबरी निवासी अरुण यादव और बड़ागांव के बिरगांव निवासी हर्ष यादव बताया। उनके साथ दो किशोर भी शामिल थे। पुलिस ने उनकी गाड़ी से अपहृत राज पाठक को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में मध्यप्रदेश के दतिया जिले के भांडेर निवासी रजत यादव फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की थार गाड़ी, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में घटना को ऑनलाइन सट्टे के पैसों के लेनदेन से जुड़ा विवाद भी माना जा रहा है।