इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज में लैम्प लाइटिंग सेरेमनी और सम्मान समारोह आयोजित

अमेठी। इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग, मुंशीगंज में लैम्प लाइटिंग सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संजय गांधी मेमोरियल न्यास के प्रशासक विंग कमांडर मनोज मुट्टू समारोह के मुख्य अतिथि रहे।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी शर्मिला राय बरुआ चौधरी ने फिट इंडिया खेल प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में वित्त अधिकारी एस.के. जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अन्य विशिष्ट अतिथियों में मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवधेश शर्मा, एस.के. राजपूत, मिस तृष्णा और डॉ. यू.ए. सिद्दीकी शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर, जीएनएम प्रथम वर्ष तथा एएनएम प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा लैम्प लाइटिंग सेरेमनी संपन्न की गई।
मिस सौम्या पांडेय और मिस साक्षी ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया, जबकि मिस बेनजीर ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। लैम्प लाइटिंग सेरेमनी के दौरान विद्यार्थियों ने मधुर गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया। इसके पश्चात मुख्य लैम्प लाइटिंग की रस्म पूरी की गई।
कार्यक्रम के अंत में इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग की उप्राचार्य गोमती एम ने नर्सिंग शपथ दिलाई, जिसमें सभी विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह शपथ नर्सिंग पेशे के प्रति समर्पण का प्रतीक रही। इसके साथ ही खेल उत्सव के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश एस ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उनके कुशल मार्गदर्शन और संकाय सदस्यों के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में सेवा भावना और समर्पण का नया उत्साह भर दिया तथा सभी के लिए प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बन गया।