
संग्रामपुर/अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रघईपुर निवासी बैटरी रिक्शा चालक राम प्रसाद का रिक्शा कालिकन से चंदिकन संपर्क मार्ग पर नहर के पास अचानक पलटकर नहर में गिर गया।
जानकारी के अनुसार चालक राम प्रसाद सड़क किनारे अपना रिक्शा बैक कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और रिक्शा सीधे नहर में पलट गया। उस समय रिक्शा में कोई सवारी नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। चालक भी किसी तरह रिक्शे से बाहर निकल आया और सुरक्षित बच गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक की मदद की और रिक्शे को नहर से बाहर निकलवाया। इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।