मुसाफिरखाना में बड़ा हादसा टला, बेगमपुरा एक्सप्रेस की चपेट में आई बाइक

मुसाफिरखाना/अमेठी। जनपद के मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय एक बाइक तेज रफ्तार से आ रही बेगमपुरा एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हालांकि बाइक सवार लोग समय रहते कूदकर अलग हो गए, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक जल्दबाजी में रेलवे क्रॉसिंग पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन से बाइक टकरा गई और ट्रेन में फंस गई। घटना को देखते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को करीब 100 मीटर आगे ले जाकर रोक दिया।
बाइक ट्रेन में फंस जाने के कारण कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से बाइक को हटाया गया। इस घटना के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक वहीं खड़ी रही।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बाइक सवार समय रहते न कूदते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने लोगों से रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय सावधानी बरतने और जल्दबाजी न करने की अपील की है।