
आगरा। शहर में जहां एक ओर लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक फोटो में यमुनापार क्षेत्र की ट्रांस यमुना कॉलोनी में स्थित एक हलवाई की दुकान पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर पाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बुकिंग कराने के बाद भी देर से नंबर आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग लोगों में नाराजगी का कारण बन रहा है।
नियमों के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जा सकता है। दुकानों, होटलों या रेस्तरां में इसका प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद वायरल फोटो में बिना किसी डर के हलवाई द्वारा घरेलू सिलेंडर का उपयोग किया जाना सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जा रहा है कि यह दुकान एक गैस एजेंसी के पास ही स्थित है, जिससे मामले को लेकर और भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
फिलहाल इस वायरल फोटो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन मामला सामने आने के बाद संबंधित विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग उठने लगी है।