किरावली के ऐतिहासिक दंगल मेले में एक लाख की अंतिम कुश्ती बराबरी पर छूटी

किरावली। स्थानीय मिनी ग्रामीण स्टेडियम परिसर में शुक्रवार को कंस मेला कमेटी के तत्वाधान में आयोजित ऐतिहासिक कुश्ती दंगल मेले में पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेच का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मेले में क्षेत्रीय ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से आए पहलवानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुश्ती दंगल की शुरुआत 500 रुपये की छोटी कुश्तियों से हुई, जो धीरे-धीरे बड़े मुकाबलों तक पहुंची। दिनभर चले इस दंगल का मुख्य आकर्षण एक लाख रुपये की अंतिम कुश्ती रही, जिसमें मथुरा के अंकित पहलवान और हरियाणा के पलवल के संजय पहलवान आमने-सामने थे। दोनों पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन अंततः यह कुश्ती बराबरी पर छूट गई। इस प्रमुख कुश्ती को भाजपा नेता यशपाल चौधरी द्वारा निर्धारित कराया गया था।
दंगल में सिकरौदा फतेहपुर सीकरी के सौरभ, चुरियारी के दीपक, जनक सिंह, अंकित और धर्मेंद्र सहित कई नवोदित एवं प्रतिभाशाली पहलवानों ने अपने हुनर का बेहतरीन प्रदर्शन किया। अधिकांश कुश्तियां रोमांचक रहीं और कई मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए, जिससे दर्शकों का उत्साह लगातार बना रहा।
शाम ढलने के बाद भी दंगल देर तक जारी रहा। आयोजन में शांति देवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक भूप सिंह इंदौलिया, भाजपा नेता यशपाल चौधरी, सपा नेता सुरेंद्र चौधरी और रायभा के प्रधान रवि शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
कुश्ती दंगल के संचालन में डोरीलाल इंदौलिया, अमरपाल सिंह और मुकेश पहलवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित किया और दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। अंतिम मुकाबले के बाद यशपाल चौधरी द्वारा दोनों पहलवानों को बराबर पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व नगर में कंस मेला की भव्य झांकियां भी निकाली गईं, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने दंगल मेले का भरपूर आनंद लिया।