
हरदोई। जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के डोलिया गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना ने सनसनी फैला दी। आपसी विवाद में हुई हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 70 वर्षीय देव सहाय पांडे को गांव के ही युवक शिवम (20) ने कथित रूप से बोलेरो गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने प्रतिक्रिया स्वरूप शिवम और उसके साथी अमन (17) पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में शिवम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह कुछ ही देर में तीन लोगों की मौत से गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस जघन्य वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।