
हरदोई। जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त लाठियां भी बरामद की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 मार्च को थाना पचदेवरा क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान राधेश्याम पुत्र मैकूलाल, विनोद पुत्र राधेश्याम और सत्यवती पत्नी राधेश्याम का दूसरे पक्ष के बृजेश पुत्र भगवंत, अखिलेश पुत्र भगवंत और मंजेश पुत्र जसवंत से संघर्ष हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी शाहाबाद भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में पारिवारिक संबंध रखते हैं, जिससे विवाद और भी संवेदनशील हो गया।
घटना के संबंध में वादी विनोद की तहरीर पर थाना पचदेवरा में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बृजेश, अखिलेश और मंजेश को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पांच लाठियां बरामद की गई हैं, जिनका इस्तेमाल घटना में किया गया था।
थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस नजर बनाए हुए है।