विधायक के निर्देश पर अग्निपीड़ितों को राहत, भतीजे ने पहुंचाई मदद सामग्री

हरपालपुर, हरदोई। क्षेत्र के वैठापुर और वेहटा मुड़िया गांव में लगी भीषण आग से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य तेज हो गया है। आग की इस घटना में दो परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई थी, जिससे वे खुले आसमान के नीचे आ गए।
जानकारी के अनुसार साण्डी ब्लॉक के वैठापुर निवासी रतीराम और हरपालपुर ब्लॉक के वेहटा मुड़िया निवासी राजेश के घरों में आग लगने से अनाज, कपड़े, नकदी समेत दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर उनके भतीजे दीपांशु, जो दूरसंचार समिति के सदस्य हैं, मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
दीपांशु द्वारा विधायक की ओर से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिसमें राशन समेत आवश्यक घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं। इसके साथ ही रेडक्रास सोसायटी की टीम के माध्यम से भी जरूरतमंद सामान वितरित किया गया, जिससे प्रभावित परिवारों को तात्कालिक राहत मिल सकी।
इस दौरान दीपांशु ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ितों को शीघ्र सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में हर संभव सहायता सुनिश्चित कराई जाएगी।
मौके पर रेडक्रास सोसायटी के उपसभापति अखिलेश सिकरवार, अनुपम सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग किया।