
हरपालपुर, हरदोई। हरपालपुर कस्बे में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार तीर्थ दर्शन के लिए बाहर गया हुआ था। चोरी की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के निवासी शिवपाल पुत्र विश्राम सिंह 25 मार्च की शाम करीब 7 बजे अपने घर में ताला लगाकर सपरिवार पूर्णागिरी मंदिर दर्शन के लिए गए थे। शुक्रवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
घर के अंदर रखे दो संदूकों के कुंडे टूटे हुए थे और उनमें रखे कीमती जेवरात गायब थे। चोरी हुए सामान में सोने के दो हार, दो चेन, दो मंगलसूत्र, आठ अंगूठियां, चार चूड़ियां और दो जोड़ी झाले शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने पहले अलमारी से कमरे की चाबी ढूंढी और ताला खोलने के बाद संदूकों को तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित शिवपाल ने स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही कुछ परिचित लोगों पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि जिन लोगों का घर पर आना-जाना था, वे घर की स्थिति और व्यवस्था से पूरी तरह परिचित थे और संभवतः उन्होंने ही मौका पाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।