
बाराबंकी। जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। हमलावर ने धारदार हथियार से युवक का सिर धड़ से अलग कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय बबलू के रूप में हुई है, जो पारा बेहटा गांव का निवासी था और बर्फ बेचने का काम करता था। घटना परसावाल गांव के पास हुई, जहां बबलू का स्थानीय निवासी शंकर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी शंकर ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से बबलू पर हमला कर दिया। हमले में बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि हमलावर ने इतनी बेरहमी से वार किया कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।