
लखनऊ, उत्तर प्रदेश में हाल ही में आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद सरकार ने त्वरित राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर राहत वितरण तेज करने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश सरकार के अनुसार, ओलावृष्टि से 21 जनपदों में 244.23 हेक्टेयर फसल क्षतिग्रस्त हुई है। इससे प्रभावित 286 किसानों को अब तक ₹13.34 लाख से अधिक की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।
वहीं अतिवृष्टि (अधिक वर्षा) के कारण 17 जनपदों में 4053.11 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल नुकसान हुआ। इस आपदा से कुल 14,207 किसान प्रभावित हुए, जिनमें से 9,992 किसानों को ₹4.47 करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
इसके अलावा 15 से 22 मार्च के बीच हुई बेमौसम बारिश से सहारनपुर के 5 गांवों में 11 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई, जिसमें 44 किसान प्रभावित हुए। ललितपुर की 3 तहसीलों में 1650.75 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल क्षति दर्ज की गई, जहां 3142 किसान प्रभावित हुए हैं।
सरकार ने फसल क्षति का आकलन तेजी से पूरा करने और शेष किसानों को जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसान अपनी आर्थिक स्थिति संभाल सकें और अगली फसल की तैयारी कर सकें।
प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित न रह जाए।