हरदोई में तमंचा दिखा पत्नी को धमकाना पड़ा भारी, आरोपित पति गिरफ्तार

हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति सोनू वर्मा को अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता वंशिका ने आरोप लगाया था कि उसके पति ने मारपीट कर तमंचा दिखाकर उसे धमकाया।
सूचना मिलते ही बिलग्राम पुलिस और PRV टीम मौके पर पहुंची, जहां प्रारंभ में पीड़िता मौजूद नहीं मिली, लेकिन आरोपी सोनू वर्मा मौके पर ही मिला। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने बजरी के नीचे तमंचा छिपाने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने मौके से 12 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया, हालांकि तलाशी के दौरान कोई कारतूस नहीं मिला।
पुलिस ने जब आरोपी से तमंचे का लाइसेंस मांगा तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और पीड़िता के बयान के आधार पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।