एसजीपीजीआई में चुनाव प्रचार को लेकर शिकायत, ड्यूटी छोड़ने के आरोप से हड़कंप

लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में नर्सिंग और अन्य स्टाफ द्वारा ड्यूटी के दौरान चुनाव प्रचार किए जाने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। इस संबंध में संस्थान प्रशासन से औपचारिक शिकायत की गई है, जिसमें गंभीर मरीजों की देखभाल प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
शिकायत के अनुसार, क्रिटिकल केयर मेडिसिन (सीसीएम) में तैनात दीप्ती वर्मा, पल्मोनरी मेडिसिन आईसीयू में कार्यरत सीमा शुक्ला और ऑप्थल्मोलॉजी विभाग में तैनात धर्मेश कुमार पर आरोप है कि वे बिना अवकाश लिए अपने दायित्वों को छोड़कर कर्मचारी महासंघ के चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। बताया गया है कि सीसीएम जैसे संवेदनशील विभाग में गंभीर मरीज भर्ती रहते हैं, ऐसे में स्टाफ की अनुपस्थिति मरीजों की देखभाल पर सीधा असर डाल सकती है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस पूरे मामले पर अब तक मुख्य नर्सिंग अधिकारी, वार्ड इंचार्ज या संबंधित विभागाध्यक्ष की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताई गई है, जिससे संस्थान की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी पूछा है कि क्या कोई कर्मचारी बिना अनुमति या अवकाश लिए मरीजों की सेवा छोड़कर चुनाव प्रचार में भाग ले सकता है, और क्या यह आचरण उत्तर प्रदेश कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 (संशोधित) के अनुरूप है।
मामले में संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने की मांग की गई है कि वे क्या विधिवत अनुमति लेकर चुनाव प्रचार में शामिल हैं और क्या उनके इस कदम से मरीजों के हित प्रभावित नहीं हो रहे हैं। फिलहाल, एसजीपीजीआई प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।