
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल ने छात्रों के करियर को नई दिशा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल करते हुए प्रतिष्ठित संस्थानों में इंटर्नशिप और रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराए हैं। इस पहल के तहत छात्रों के लिए दिल्ली प्रेस मैगज़ीन्स में इंटर्नशिप तथा इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइज़र कोऑपरेटिव लिमिटेड में अकाउंट्स ट्रेनी पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। दिल्ली प्रेस मैगज़ीन्स, जो देश की अग्रणी प्रकाशन संस्थाओं में शामिल है, 80 वर्षों से अधिक की समृद्ध विरासत रखती है। यह संस्थान 9 भाषाओं में 31 से अधिक पत्रिकाओं का प्रकाशन करता है और इसके पाठकों की संख्या 3.5 करोड़ से अधिक है। ‘सरिता’, ‘गृहशोभा’, ‘चंपक’ और ‘द कारवां’ जैसी लोकप्रिय पत्रिकाएं इसी समूह द्वारा प्रकाशित की जाती हैं।
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को मार्केटिंग एवं सेल्स, डिजिटल मार्केटिंग, कंटेंट क्रिएशन, डेटा एनालिसिस, सब्सक्रिप्शन मैनेजमेंट और ह्यूमन रिसोर्सेज जैसे विभिन्न क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रोफेशनल मेंटरशिप, प्रशिक्षण और फील्ड वर्क के जरिए व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, लेटर ऑफ रिकमेंडेशन और प्री-प्लेसमेंट ऑफर भी दिए जा सकते हैं।
कितने मिलेगा वेतनमान, जानें
वहीं, IFFCO द्वारा अकाउंट्स ट्रेनी पद के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति देशभर में IFFCO या उसकी सहायक इकाइयों में की जाएगी। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा, साक्षात्कार और मेडिकल परीक्षण शामिल होंगे। पात्रता के तहत उम्मीदवार का न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण होना और सीए (इंटरमीडिएट) पास होना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 48 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ आकर्षक वेतनमान और करीब 12 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्रदान किया जाएगा।
यहां करें संपर्क
केंद्रीय प्लेसमेंट सेल ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों को आवश्यकता होगी, उन्हें इंटर्नशिप और चयन प्रक्रिया से पहले आवश्यक कौशल विकास और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें। इस अवसर पर केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी के मार्गदर्शन में यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास न केवल छात्रों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं, बल्कि उनके कौशल, आत्मविश्वास और रोजगार क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं।
वहीं इच्छुक छात्र आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल अनुभाग और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।