
लखनऊ। आनंदीबेन पटेल और योगी आदित्यनाथ ने जन भवन, लखनऊ में आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान “हमारा जन भवन” नामक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य और चालक को नई स्कूल बस की चाबी भी सौंपी गई।
इस अवसर पर संदीप सिंह ने संबोधित करते हुए बताया कि राजभवन परिसर में वर्ष 1961 से संचालित परिषदीय विद्यालय का व्यापक कायाकल्प किया गया है। अब इस विद्यालय को कक्षा 10 तक उच्चीकृत कर दिया गया है और इसमें 14 कक्षा-कक्ष, कंप्यूटर लैब व एआई लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले 9 वर्षों में “ऑपरेशन कायाकल्प” के तहत परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया है। वहीं “स्कूल चलो अभियान” के जरिए बच्चों को स्कूलों से जोड़ने के प्रयास किए गए, जिससे नामांकन में वृद्धि और ड्रॉपआउट दर में कमी आई है।
सरकार द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को भी कक्षा 8 से बढ़ाकर 12 तक उच्चीकृत किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के 746 बालिका विद्यालयों को लाभ मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि हर ब्लॉक में बालिकाओं के लिए 12वीं तक की शिक्षा उपलब्ध हो।
इसके साथ ही “लर्निंग बाय डूइंग” कार्यक्रम और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2021 के तहत बच्चों को व्यावहारिक और आधुनिक शिक्षा देने पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।