लखनऊ में सेनेटरी-स्टोर का ताला तोड़कर लाखों की नकदी- सामान चोरी: जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ। राजधानी के कल्याणपुर क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर बीती रात अज्ञात चोरों ने अवध सेनेटरी स्टोर के शोरूम को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने शोरूम का ताला तोड़कर करीब 8 लाख 4 हजार रुपये नगद के साथ-साथ सेनेटरी के कीमती उत्पाद भी चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही रिंग रोड के व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त हो गया है।

दुकान के मालिक आदित्य हवेलिया ने बताया कि वे सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे शोरूम बंद करके गए थे। मंगलवार सुबह जब कर्मचारियों ने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। पूरा शोरूम अस्त-व्यस्त था और दराज में रखे 8 लाख 54 हजार रुपये में से 8 लाख 4 हजार रुपये गायब थे। जल्दबाजी में चोर 50 हजार रुपये की एक गड्डी वहीं छोड़ गए। इसके अलावा चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और वाई-फाई राउटर भी अपने साथ ले गए, जिससे साक्ष्य जुटाने में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, रिंग रोड इकाई के महामंत्री पंकज अरोड़ा, कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद बशर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। व्यापारियों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने तुरंत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।