लविवि केंद्रीय प्लेसमेंट सेल: इंस्पोर कंसल्टेंट्स के साथ मैनेजमेंट ट्रेनी-इंटर्नशिप का मौका, कहां मिलेगी पूरी जानकारी

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल ने विद्यार्थियों के लिए बीएफएसआई (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा) क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराते हुए इंस्पोर कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की है। यह पहल विद्यार्थियों को उद्योग से जोड़ने और उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में विश्वविद्यालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इंस्पोर कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड बीएफएसआई क्षेत्र की एक प्रतिष्ठित वेल्थ एडवाइजरी संस्था है, जिसका 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। यह संस्था 1,10,000 से अधिक ग्राहकों को सेवाएँ प्रदान कर चुकी है तथा अब तक 60,000 से अधिक प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षित कर चुकी है। दिल्ली स्थित यह संस्था वित्तीय स्वतंत्रता को बढ़ावा देने हेतु समग्र वित्तीय समाधान उपलब्ध कराती है।

चार प्रमुख क्षेत्रों में अवसर

इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में चार प्रमुख क्षेत्रों ह्यूमन रिसोर्स, फाइनेंस एवं टैक्सेशन, फाइनेंशियल सेक्टर तथा पोर्टफोलियो मैनेजमेंट एवं सेल्स—में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया, आयकर संरचना, वित्तीय क्षेत्र की कार्यप्रणाली, बाजार विश्लेषण तथा सेल्स रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा।

यह इंटर्नशिप 45 से 60 दिनों की अवधि की होगी, जिसमें ओरिएंटेशन, मेंटरशिप, डोमेन-आधारित प्रशिक्षण एवं कौशल विकास जैसे चरण शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना तथा उनके पेशेवर कौशल को विकसित करना है।

प्रतिभागियों को प्रदर्शन के आधार पर मिलेगा स्टाइपेंड

इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को प्रदर्शन के आधार पर 20,000 रूपए तक स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रमाणपत्र, लेटर ऑफ रिकमेंडेशन, लेटर ऑफ एप्रिसिएशन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर भी प्रदान किए जा सकते हैं। चयनित विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर के अवसर भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

इन विद्यार्थियों के लिए है उपलब्ध

यह अवसर बीबीए, बी.कॉम, एमबीए एवं पीजीडीएम के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध है। कार्यक्रम ऑनलाइन, ऑफलाइन एवं हाइब्रिड मोड में संचालित किया जाएगा, जबकि इसका मुख्य संचालन केंद्र दिल्ली रहेगा। इसके अतिरिक्त केंद्रीय प्लेसमेंट सेल द्वारा उन विद्यार्थियों के लिए, जो इसकी आवश्यकता व्यक्त करेंगे, इंटर्नशिप से पूर्व आवश्यक कौशल विकास एवं प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।

कहां मिलेगी पूरी जानकारी

इस अवसर पर केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. एके भारतीय ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी के मार्गदर्शन में केंद्रीय प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को उभरते हुए क्षेत्रों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बीएफएसआई जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में ऐसे अवसर विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करते हैं और उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन हेतु फ्लायर में दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त की जा सकती है।