
अंबेडकर जयंती पर गोष्ठी, बाबा साहब के योगदान को किया गया नमन
बलरामपुर। अंबेडकर जयंती के अवसर पर बुधवार को लालपुर विशुनपुर स्थित अंबेडकर पार्क में तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला के नेतृत्व में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि बाबा साहब ने देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया और संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाए।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी ने कहा कि बाबा साहब एक महान अर्थशास्त्री और समाज सुधारक थे, जिनके विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। कार्यक्रम संयोजक सिद्धार्थ गौतम ने उनके योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए समाज में समानता और न्याय के लिए उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र उपाध्याय, जिला मंत्री अवधेश तिवारी ‘तरुण’, राजेश गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।