
अछनेरा। क्षेत्र के Raibha ग्राम पंचायत के मजरा नगला लालदास में तालाब की गंदगी के खिलाफ पिछले कई महीनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुजुर्ग किसान मिठ्ठनलाल की मौत के बाद तूल पकड़ता जा रहा है। 78 दिन से जारी धरने के दौरान हुई इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और शुक्रवार को District Panchayati Raj Office Agra (डीपीआरओ) व ब्लॉक सचिव मौके पर पहुंचे।
बताया जाता है कि 31 जनवरी से ग्रामीण तालाब की सफाई और स्थायी समाधान की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। लंबे समय तक तहसील, ब्लॉक और जिला स्तर पर शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसी बीच धरने पर बैठे बुजुर्ग मिठ्ठनलाल की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मामले को प्रमुखता से सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। डीपीआरओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तालाब की सफाई व सौंदर्यीकरण के लिए शीघ्र बजट स्वीकृत कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
हालांकि, अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने विरोध करते हुए नारेबाजी की और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो एक व्यक्ति की जान नहीं जाती। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक तालाब की सफाई और स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा।