
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, मौसम विभाग के अनुसार शनिवार दोपहर एक बजे तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। शहर में हालात ऐसे हैं मानो सड़कों से आग निकल रही हो। तेज गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है, जिसके चलते कई इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ नजर आ रहा है।
शनिवार सुबह से ही तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। सुबह 8 बजे ही तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। पूरे दिन गर्म हवाएं चलने और लू का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी गई है।
26 अप्रैल से बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है, जो धीरे-धीरे पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ेगी। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और 27 अप्रैल के बाद लोगों को लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार
शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था और इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री ज्यादा था। अधिकतम आर्द्रता 53 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 11 प्रतिशत दर्ज की गई।
प्रदेश के कई जिलों में लू का असर
मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 अप्रैल को लखनऊ में लू चलने की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर और अलीगढ़ के साथ-साथ पूर्वांचल के हरदोई, वाराणसी और प्रयागराज में भी लू की स्थिति दर्ज की गई।
अगले कुछ दिनों तक राहत के आसार कम
वहीं आने वाले 2-3 दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में लू का असर जारी रहेगा। खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गर्म रातें भी पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।