रिपोर्ट – बॉबी ठाकुर

निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी मिले अनुपस्थित, 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण; डीपीसी धर्मेंद्र यादव को भी नोटिस
कासगंज। स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार और कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अजय कुमार ने जिला चिकित्सालय परिसर स्थित जिला टीबी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात सभी 10 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने सभी संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

निरीक्षण में अनुपस्थित मिले कर्मचारियों में जिला टीबी अस्पताल में तैनात डीपीसी धर्मेंद्र यादव, मोनू, सागर सिंह, चंद्र प्रकाश सिंह, दिलीप कुमार, प्रदीप कुमार, अनिल कुमार, अवधेश कुमार, राजीव कुमार और नेहा मिश्रा शामिल हैं। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डीपीसी धर्मेंद्र यादव भी कार्रवाई के दायरे में
जिला टीबी अस्पताल में तैनात डीपीसी धर्मेंद्र यादव को लेकर भी विभागीय स्तर पर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय चर्चाओं और लगाए गए आरोपों के अनुसार, उनकी मूल तैनाती जिला टीबी अस्पताल में होने के बावजूद उनके सीएमओ कार्यालय में अधिक समय बिताने की बात कही जाती रही है। इसके अलावा, पूर्व में तैनात नोडल अधिकारियों से जुड़े कथित लेन-देन और फर्जी अस्पतालों के साथ सांठगांठ के आरोप भी चर्चा में रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इनकी सत्यता जांच और संबंधित पक्ष का आधिकारिक जवाब सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले सभी 10 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।