
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीतापुर-गोला मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कचनार चौकी अंतर्गत अंगरासी मोड़ के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरथाना निवासी हिमांशु पांडेय (25), उनकी मां रेखा पांडेय (50) और मामी सुनीता वाजपेयी (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों लोग लखीमपुर के कलिया गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंगरासी के पास यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशु और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनीता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह के अनुसार, ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।