लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज: धूलभरी आंधी और बूंदाबांदी से लोगों को मिली गर्मी से राहत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिछले एक हफ्ते से जारी भीषण गर्मी से बुधवार को लोगों को राहत मिल गई। दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली, जब आसमान में घने बादल छा गए और धूलभरी आंधी चलने लगी। तेज हवाओं के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई।

तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी, कई इलाकों में बारिश

राजधानी लखनऊ के गोमती नगर, हजरतगंज, चारबाग सहित कई इलाकों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश भी हुई। अचानक बदले मौसम ने शहर के माहौल को ठंडा कर दिया, हालांकि तेज हवाओं और धूल के कारण लोगों को कुछ दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।

एयर क्वालिटी मध्यम श्रेणी में, बढ़ सकता है प्रदूषण

लखनऊ का एयर क्वालिटी इंडेक्स करीब 130 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी और धूल के चलते आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है, जिससे सांस संबंधी मरीजों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।

तापमान में गिरावट, मौसम में और बदलाव के संकेत

बुधवार को दोपहर 1 बजे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो दिनों की तुलना में 6 डिग्री कम है। सुबह जहां तेज धूप रही, वहीं दोपहर तक मौसम पूरी तरह बदल गया। आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट के साथ तेज हवा, बिजली कड़कने और बारिश की संभावना जताई गई है।

हवा की रफ्तार और नमी से बढ़ी उमस

शहर में हवा की गति करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। वहीं, नमी का स्तर 48 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जिसके कारण उमस का अहसास बना हुआ है। इससे लोगों को गर्मी के साथ-साथ चिपचिपी परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।