
लखनऊ, सिटी मोन्टेसरी स्कूल (CMS) के मेधावी छात्रों ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर लखनऊ का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है। आई.एस.सी. (कक्षा-12) और आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) के परिणामों में इस वर्ष भी छात्रों ने रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की है।
आई.एस.सी. बोर्ड परीक्षा में CMS के चार छात्रों—ओशीन अग्रवाल, संस्कृति चंदेल, जैनब फातिमा और छवि मिश्रा—ने 99.75 प्रतिशत अंक हासिल कर कीर्तिमान स्थापित किया। वहीं आई.सी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में वैवस्वत नारायण दुबे ने 99.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा जहरा फातिमा और अनय अग्रवाल ने 99.60 प्रतिशत तथा अफशान अहमद, दिव्यांश कुशवाहा और फरहीन खान ने 99.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस वर्ष CMS के कुल 62 छात्रों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर नया इतिहास रचा है, जिनमें 42 छात्र आई.एस.सी. और 20 छात्र आई.सी.एस.ई. के हैं। कुल 7030 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 3709 छात्रों (52.8 प्रतिशत) ने 90 प्रतिशत से अधिक और 1441 छात्रों (20.5 प्रतिशत) ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। खास बात यह रही कि 1013 छात्रों ने एक या अधिक विषयों में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए।
विद्यालय की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह छात्रों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। वहीं प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने कहा कि CMS में रटने के बजाय समझ आधारित शिक्षा पर जोर दिया जाता है, जिसका असर इन परिणामों में साफ दिखाई देता है।
CMS के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना के अनुसार 2 मई को गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित CMS ऑडिटोरियम में भव्य सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें 3709 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उच्च स्थान प्राप्त करने वाले 19 छात्रों को एक-एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि 43 अन्य छात्रों को 21 हजार रुपये की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा। कुल 62 छात्रों को 28 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
सम्मान समारोह से पहले 2 मई की सुबह 7:45 बजे CMS के टॉपर छात्र ‘विक्ट्री मार्च’ निकालेंगे, जो मकदूमपुर पुलिस स्टेशन से शुरू होकर गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित स्कूल ऑडिटोरियम तक जाएगा।