लखनऊ में यातायात पुलिस का विशेष अभियान: बिना हेलमेट और नियम तोड़ने वालों पर हुई सख्त कार्रवाई

लखनऊ। राजधानी में यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए लखनऊ यातायात पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की गई। खास बात यह रही कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिस कर्मियों को भी नहीं बख्शा गया और उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।

लखनऊ शहर के अलग-अलग यातायात प्रभारियों द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 115 वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 13 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले एक वाहन चालक का चालान काटा गया। इसके अलावा हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट न होने पर 20 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस की अपील

लखनऊ यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों और विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी बिना किसी भेदभाव के इसी तरह सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी, चाहे वह आम नागरिक हों या पुलिस विभाग के कर्मचारी।