पुरुषोत्तम मास मेले की तैयारियां तेज, एसडीएम ने लोधेश्वर महादेवा परिसर का किया निरीक्षण

रामनगर बाराबंकी। सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा मंदिर में आगामी 17 मई से शुरू होने वाले पुरुषोत्तम मास मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए उप जिलाधिकारी रामनगर आनंद कुमार तिवारी ने मंदिर व मेला परिसर का निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंदिर परिसर, जिगजैग मार्ग, अभरण सरोवर तथा मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, अस्थायी विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा, पार्किंग और खाद्य पदार्थों की जांच समेत सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।एसडीएम आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि महादेवा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित भवनों को हटाने का कार्य सोमवार से शुरू किया जाएगा। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि वे समय रहते अपने मकान खाली कर दें, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।निरीक्षण के बाद उप जिलाधिकारी ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन और अभिषेक किया तथा क्षेत्र और मानव कल्याण की कामना की। इस दौरान तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान राजन तिवारी, बीडीसी सदस्य सतीश यादव, हल्का लेखपाल संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।