पत्रकारिता की दशा-दिशा पर मंथन, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां सम्मानित


बाराबंकी। पत्रकारिता जगत में तेजी से हो रहे बदलाव और उसकी वर्तमान दिशा-दशा को लेकर आयोजित वक्तव्य एवं सम्मान समारोह में साहित्य, सामाजिक और पत्रकारिता क्षेत्र की कई नामचीन हस्तियां एक मंच पर जुटीं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर अपने विचार रखे और युवा पत्रकारों का मार्गदर्शन किया। साथ ही समाज, साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम में आयोजित कवि सम्मेलन ने भी श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कवियों, शायरों और कवयित्रियों ने अपनी कविताओं, गीतों और ग़ज़लों से माहौल को साहित्यिक रंग में रंग दिया। समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार, पत्रकार और लेखक मधुराज मधु ने की। प्रमुख अतिथियों की अनुपस्थिति में स्वागत अध्यक्ष की भूमिका वरिष्ठ समाजसेवी आर.एन. यादव ने निभाई।सम्मानित होने वालों में प्रसिद्ध आरटीआई एक्टिविस्ट और पत्रकार अनिल गलगली सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल रहीं। वक्ताओं ने कहा कि बदलते मीडिया परिवेश में स्थानीय स्तर की खबरें अब राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बन रही हैं। निष्पक्ष और कर्मठ पत्रकारों के कारण आज भी पत्रकारिता की विश्वसनीयता कायम है। वरिष्ठ पत्रकार नामदार राही ने भी युवा पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों पर प्रकाश डाला।मंच संचालन अमर बहादुर पटेल और वरिष्ठ पत्रकार युसूफ राणा ने किया। कवि सम्मेलन में डॉ. शशिकला पटेल, कृष्णा श्रीवास्तव, अर्चना वर्मा सिंह और ऊषा अशोक ने अपनी रचनाओं से खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे पत्रकारिता और साहित्य जगत के लिए प्रेरणादायी बताया।समारोह के सफल आयोजन के लिए मुख्य आयोजक यशपाल शर्मा और आरिफ खान का आभार व्यक्त किया गया।