ईंधन बचत से स्वदेशी तक: सीएम योगी ने यूपीवासियों से बदली जीवनशैली अपनाने की अपील की


लखनऊ, 12 मई। वैश्विक परिस्थितियों और प्रधानमंत्री के आह्वान के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीद से बचने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के अपर मुख्य सचिवों एवं प्रमुख सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कई अहम निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य वीआईपी फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत तक कमी की जाए तथा काफिलों से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए। उन्होंने सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” आयोजित करने और मंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों को सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रेरित करने की बात कही।
सीएम योगी ने वर्क फ्रॉम होम संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए औद्योगिक संस्थानों और बड़े स्टार्टअप्स में इसे प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी की जाए।
मुख्यमंत्री ने सरकारी बैठकों, सेमिनारों, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस को अधिकतम वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर बल दिया। साथ ही राज्य सचिवालय और निदेशालयों की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को ऑनलाइन मोड में करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीएनजी, मेट्रो, ईवी, साइक्लिंग, कार पूलिंग और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। जिन शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है, वहां नागरिकों से अधिकतम उपयोग की अपील की गई है। साथ ही अधिक मांग वाले मार्गों पर बस सेवाएं बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि सरकारी भवनों, निजी प्रतिष्ठानों और घरों में अनावश्यक बिजली का उपयोग न हो। व्यावसायिक परिसरों में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
सीएम योगी ने अगले छह महीने तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने और देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने “विजिट माई स्टेट” अभियान चलाने, डेस्टिनेशन वेडिंग को उत्तर प्रदेश के हेरिटेज और ईको टूरिज्म स्थलों से जोड़ने तथा स्थानीय उत्पादों, ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खाद्य तेल की खपत कम करने को भी जरूरी बताते हुए स्वास्थ्य विभाग को पोषण जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, जेलों और सरकारी कैंटीनों में कम तेल वाले भोजन को बढ़ावा देने की बात कही गई।
कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गोशालाओं में मौजूद गोवंश के गोबर के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोने की अनावश्यक खरीद से बचना चाहिए और प्रशासन ज्वेलर्स एसोसिएशन व व्यापारियों से संवाद कर उनकी चिंताओं का समाधान करे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन को मिशन मोड में आगे बढ़ाने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।