भैसाकुंड बैकुण्ठ धाम पर होगा प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार, वीआईपी घाट पर पूरी हुई तैयारियां


लखनऊ। समाजवादी परिवार से जुड़े प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार राजधानी के भैसाकुंड बैकुण्ठ धाम में किया जाएगा। अंतिम संस्कार के लिए वीआईपी घाट प्लेटफार्म नंबर पांच पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम की टीम सुबह से ही व्यवस्थाओं में जुटी रही और दाह संस्कार में इस्तेमाल होने वाली सभी आवश्यक सामग्री मौके पर पहुंचाई गई।
अंतिम संस्कार के लिए आम की लकड़ियां मंगाई गई हैं। जानकारी के मुताबिक 11 से 13 मन लकड़ियां लगाई गई हैं। पहले प्लेटफार्म पर मौरंग का चट्टा बनाया गया, जिसके ऊपर दाह संस्कार के लिए लकड़ियां सजाई गईं। पंडित ध्रुव तिवारी पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराएंगे।


भैसाकुंड धाम पर प्रतीक यादव के रिश्तेदार, करीबी मित्र, बिजनेस पार्टनर और सहयोगी लगातार पहुंच रहे हैं। दुबई से अखिलेश यादव के परिचित रशीद भी अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे। माहौल गमगीन है और नम आंखों से लोग प्रतीक यादव को याद कर रहे हैं।
करीबियों का कहना है कि कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि प्रतीक यादव किसी तनाव या परेशानी से गुजर रहे थे। लोगों ने बताया कि उनसे दिनभर में कई बार बातचीत होती थी, लेकिन उन्होंने कभी तनाव जाहिर नहीं किया। ऐसे में हार्ट अटैक से हुई मौत पर अब भी लोगों को भरोसा नहीं हो रहा है।
अंतिम संस्कार में पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav समेत समाजवादी पार्टी और यादव परिवार से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल होंगे। दोपहर करीब 12 बजे अंतिम संस्कार होने की संभावना है। हालांकि पार्थिव शरीर को मुखाग्नि कौन देगा, इसे लेकर अभी संशय बना हुआ है। चर्चा है कि यह जिम्मेदारी बेटियां निभा सकती हैं या फिर अखिलेश यादव के बेटे मुखाग्नि दे सकते हैं।