महादेवा मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश


रामनगर/बाराबंकी। Lodheshwar Mahadeva Temple में 17 मई से शुरू हो रहे पुरुषोत्तम मास मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी Ishan Pratap Singh और पुलिस अधीक्षक Arpit Vijayvargiya ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, दर्शन पथ, पार्किंग स्थल, बैरीकेटिंग, प्रमुख मार्गों और रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को देखा। डीएम ने अस्थायी विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही बोहनिया और अभरण तालाब की सफाई कार्य की प्रगति भी परखी गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें।
डीएम ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महादेवा कॉरिडोर निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। मुआवजा वितरण के बाद चल रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई को देखते हुए डीएम ने मलबा जल्द हटाकर मार्ग और परिसर को व्यवस्थित करने के आदेश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न उत्पन्न हो।
इस दौरान एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, सीओ गरिमा पंत सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।