
लखनऊ। लखनऊ में शनिवार को मौसम ने अचानक तेवर बदल लिए हैं। सुबह से ही तेज धूप निकलने के बाद दोपहर तक लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शहर में गर्म हवाओं का असर लगातार महसूस किया जा रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में राजधानी का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके साथ ही दिनभर तेज हवा के झोंके भी चलते रहेंगे, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस होगा।
शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक था। मौसम में नमी भी काफी अधिक रही। अधिकतम आर्द्रता 78 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 39 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती उमस और तेज धूप के कारण आने वाले दिनों में गर्मी लोगों को और ज्यादा परेशान कर सकती है।
26 मई तक केरल पहुंच सकता है मानसून, 23 जून तक लखनऊ आने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी और लू के बीच राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर पूर्वानुमान जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस वर्ष मानसून सामान्य समय से पहले, यानी 26 मई तक केरल तट पर पहुंच सकता है। इसके बाद मानसून धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ेगा।
यूपी में गोरखपुर के रास्ते होगी मानसून की एंट्री
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून की पहली दस्तक गोरखपुर के रास्ते होने की संभावना है। इसके बाद मानसून आगे बढ़ते हुए करीब 23 जून तक लखनऊ पहुंच सकता है। ऐसे में जून के अंतिम सप्ताह तक राजधानीवासियों को गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।