जनगणना-2027 को जनआंदोलन बनाने की तैयारी: अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया स्वगणना का प्रशिक्षण

लखनऊ। जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रस्तावित स्वगणना अभियान को प्रभावी, पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित बनाने के उद्देश्य से आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में कमिश्नरेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए व्यापक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व, तकनीकी पक्षों और नागरिक सहभागिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दी गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने कहा कि जनगणना-2027 देश के विकास की आधारभूत प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से शासन की योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि स्वगणना प्रक्रिया पूरी तरह सरल, सुरक्षित और समयबद्ध है, जिसे कोई भी व्यक्ति मात्र 5 से 10 मिनट में पूरा कर सकता है।

मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं अपनी स्वगणना अवश्य करें और अपने परिवार, परिचितों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें और जनगणना-2027 को जनआंदोलन के रूप में सफल बनाया जा सके।

अधिकारियों को दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण

कार्यशाला में डीडी जनगणना गौरव पाण्डेय ने प्रतिभागियों को स्वगणना की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यवहारिक एवं विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने ऑनलाइन स्वगणना पोर्टल के उपयोग, लॉगिन प्रक्रिया, आवश्यक सूचनाएं भरने की विधि, दस्तावेजों की उपयोगिता तथा आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार की सही एवं प्रमाणिक जानकारी सीधे पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे, जिससे आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में वृद्धि होगी। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को स्वगणना प्रक्रिया का लाइव डेमो भी दिखाया गया।

जनजागरूकता बढ़ाने की अपील

गौरव पाण्डेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने कार्यालयों एवं क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वगणना के लिए प्रेरित करें। वहीं कार्यक्रम के दौरान अपर आयुक्त राधे श्याम और अपर आयुक्त राकेश कुमार पटेल ने स्वयं अपनी स्वगणना विवरणी भरकर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।