
लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ में उस समय अलग ही रंग देखने को मिला, जब अभिनेता अंशुमान पुष्कर और अभिनेत्री महवश अपनी आने वाली हिंदी जी5 ओरिजिनल सीरीज़ सतरंगी बदले का खेल के प्रमोशन के लिए पहुंचे। सीरीज की रंगीन और देसी दुनिया को दर्शाने के लिए कलाकारों ने शो में दिखाई देने वाले खास टेंपो को दोबारा तैयार कराया और उसके साथ एक अनोखा फोटोशूट किया। यह आकर्षक टेंपो जब शहर की सड़कों पर घूमता नजर आया तो लोगों की निगाहें खुद-ब-खुद उसकी ओर खिंच गईं।
इस दौरान कलाकारों ने लखनऊ की तहजीब, संस्कृति और यहां के खुशनुमा माहौल का भरपूर आनंद लिया। इस दौरान फैंस के बीच सीरीज़ को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सतरंगी-बदले का खेल 22 मई 2026 को हिंदी ज़ी5 पर रिलीज होने जा रही है, जिसे लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीण उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
सीरीज सतरंगी बदले का खेल की कहानी ग्रामीण उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह बदले, सत्ता, वफादारी और संघर्ष के इर्द-गिर्द घूमती एक दमदार कहानी है। गहन ड्रामा, रिश्तों की जटिल परतों और भावनात्मक उतार-चढ़ाव से भरपूर यह सीरीज़ दिखाती है कि निजी दुश्मनी और छल-कपट से भरी दुनिया में सही और गलत के बीच की सीमाएं किस तरह धुंधली हो जाती हैं।

लखनऊ का अपनापन बेमिसाल: अंशुमान पुष्कर
अभिनेता अंशुमान पुष्कर ने लखनऊ दौरे को यादगार बताते हुए कहा कि शहर की खूबसूरती और यहां के लोगों का अपनापन उन्हें बेहद खास लगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ की खूबसूरती और यहां के लोगों का अपनापन बेमिसाल है। यहां हमें जो प्यार और उत्साह मिला, वह सच में शानदार रहा। शहर में सतरंगी–बदले का खेल के टेंपो को दोबारा तैयार करना हमारे लिए बहुत मजेदार और यादगार अनुभव था। यहां के लोगों की ऊर्जा और उत्साह ने हमें इस कहानी को हिंदी ज़ी5 के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए और भी ज्यादा उत्साहित कर दिया है।
लखनऊ की तहजीब दिल को छू जाती है: महवश
अभिनेत्री महवश ने भी लखनऊ के प्रति अपना खास लगाव जाहिर किया। उन्होंने कहा कि मैं पहले भी लखनऊ आ चुकी हूं और इस शहर से जो प्यार मिलता है, वह शायद किसी और शहर में नहीं मिल सकता। यहां के लोग, यहां की संस्कृति और यहां की तहज़ीब दिल को छू जाती है। पूरे टेंपो फोटोशूट ने सतरंगी–बदले का खेल की भावना को बेहद खूबसूरती और जीवंत अंदाज़ में सामने ला दिया। लखनऊ में अपने फैंस से मिलना मेरे लिए ऐसा अनुभव रहा, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगी। लोगों को शो के माहौल से तुरंत जुड़ते देखना बेहद भावुक और खास अनुभव था। अब मैं बेसब्री से 22 मई का इंतजार कर रही हूं, जब दर्शक इस रोमांचक कहानी को देख पाएंगे।

22 मई से हिंदी ज़ी5 पर होगा प्रीमियर
ड्रामा, इमोशन और बदले की दिलचस्प कहानी से भरपूर सतरंगी-बदले का खेल 22 मई 2026 से सिर्फ हिंदी ज़ी5 पर स्ट्रीम होगी। दर्शकों को इस सीरीज़ में मनोरंजन के साथ-साथ ग्रामीण परिवेश की गहराई और रिश्तों की जटिलता का नया अनुभव देखने को मिलेगा।