गोला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 55 शिकायतों में 4 का मौके पर निस्तारण

गोला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 55 शिकायतों में 4 का मौके पर निस्तारण
खीरी। गोला गोकर्णनाथ तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा त्रिपाठी ने की। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व एवं आपदा विभाग से संबंधित रहीं। विभाग को कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का तत्काल समाधान किया गया तथा बाकी 31 मामलों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया।
इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, नगर विकास, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें भी समाधान दिवस में दर्ज कराई गईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा त्रिपाठी ने मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।