श्रीनगर में गूंजा “शक्ति संवाद”, महिला सशक्तिकरण पर मंथन में शामिल हुईं सुजीता कुमारी


लखीमपुर खीरी/श्रीनगर। National Commission for Women द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “शक्ति संवाद” कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी श्रीनगर पहुंचीं। 16 से 18 मई 2026 तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देशभर के राज्य महिला आयोगों की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य और सदस्य सचिव हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और नीतिगत संवाद को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधियों के बीच महिला सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण, नीति निर्माण और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस मंच के जरिए राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान भी होगा, जिससे महिला सशक्तिकरण के लिए नई रणनीतियां और बेहतर कार्यप्रणालियां विकसित करने में मदद मिलेगी।
राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने कहा कि “शक्ति संवाद जैसे मंच राज्यों के बीच अनुभव साझा करने का सशक्त माध्यम हैं। इससे महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई नीतियों और प्रभावी कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है। यहां से प्राप्त अनुभवों को अपने राज्य में लागू कर महिलाओं के हित में और बेहतर कदम उठाए जा सकेंगे।”
उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय मंच राज्यों को एक-दूसरे की सफल योजनाओं और मॉडल्स से सीखने का अवसर देते हैं। इससे महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अधिकारों के संरक्षण को लेकर नीतियों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
केंद्र सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर योजना, महिला हेल्पलाइन और उज्ज्वला योजना जैसी पहलें महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं National Commission for Women और राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, शिकायतों के निस्तारण और जनजागरूकता के माध्यम से सशक्त समाज निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। ऐसे में “शक्ति संवाद” जैसे मंच इन प्रयासों को नई गति देने का कार्य करेंगे।