खून से लिखा सवाल: “मूर्ति कहां है, कब लगेगी?”; विधायक अमिताभ बाजपेई का अनोखा विरोध


लखनऊ/कानपुर। आर्यनगर विधानसभा से विधायक अमिताभ बाजपेई ने रविवार को माल रोड स्थित पंडित गणेश शंकर विद्यार्थी के प्रस्तावित प्रतिमा स्थल पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। विधायक ने अपने रक्त से “मूर्ति कहां है, कब लगेगी?” लिखकर प्रशासन और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
विधायक अमिताभ बाजपेई पिछले कुछ दिनों से अपने संकल्प के तहत बिना चप्पल और बिना शर्ट के आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को वह नंगे पैर और बिना शर्ट के माल रोड पहुंचे और उस चबूतरे पर अपने खून से संदेश लिखा, जहां स्वतंत्रता सेनानी और महान पत्रकार पंडित गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापित होनी है।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना के लिए पूरा चबूतरा और शेड तैयार होने के बावजूद आज तक मूर्ति नहीं लगाई गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक ने इसे केवल प्रतिमा का मामला नहीं बल्कि कानपुर की अस्मिता, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहर की पहचान से जुड़ा मुद्दा बताया।
अमिताभ बाजपेई ने कहा कि पंडित गणेश शंकर विद्यार्थी ने देश और समाज के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था, लेकिन उनकी प्रतिमा को महीनों तक उसके स्थान से दूर रखना पूरे शहर का अपमान है। उन्होंने माल रोड स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम “पं. गणेश शंकर विद्यार्थी स्टेशन” रखने की भी मांग उठाई।
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के सहयोग से बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान नीरज सिंह, हरी ओम पांडे, पार्षद रजत बाजपेई, चंकी गुप्ता, विकास गुप्ता, चेतन पांडे, आशीष पांडे, संस्कार खरे, हर्ष नागवंशी, प्रथम और आकाश सहित कई लोग मौजूद रहे।