
कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित रूद्राक्ष सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर विभिन्न धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और संभ्रांत नागरिकों के साथ सीधा संवाद किया। बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर आपसी सौहार्द, भाईचारा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि नमाज निर्धारित स्थान पर ही अदा की जाए तथा कुर्बानी खुले में न की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कुर्बानी के अवशेषों को निर्धारित स्थान पर गड्ढा खोदकर दबाया जाए अथवा नगर पालिका की गाड़ी को सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक संवेदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासन का सहयोग करें और विशेष अवसरों पर शक्ति प्रदर्शन के बजाय स्नेह और भाईचारे का संदेश दें।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कादरगंज और शाहवाजपुर घाट पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जाए। साथ ही ईद से एक दिन पूर्व सभी सुअर बाड़ों को बंद कराने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने कहा कि यदि कहीं किसी अप्रिय घटना की आशंका हो तो तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए। उन्होंने कहा कि कासगंज जनपद गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की मिसाल रहा है और इस परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में ईदुज्जुहा (बकरीद) और गंगा दशहरा को देखते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी, विद्युत विभाग, जल निगम तथा नगर निकायों के अधिकारियों को साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, उन्माद या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। धार्मिक आयोजन निर्धारित स्थानों पर ही किए जाएं तथा यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी, एएसपी, सभी एसडीएम, सीओ, अधिशासी अभियंता एवं विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।