
कासगंज में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी से मिला। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का बुके एवं अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत और सम्मान किया।
व्यापारियों ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन उपलब्ध नहीं है, वहां सीसी सड़क के स्थान पर इंटरलॉक ईंटों से सड़क निर्माण कराया जाना है। व्यापार मंडल ने मांग की कि नगर की गलियों में शासन की मंशा के अनुरूप इंटरलॉक सड़कें बनवाई जाएं।
प्रभारी मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि शासन के निर्देशों के अनुसार ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने ट्रस्ट और मंदिर की भूमि पर विद्युत विभाग द्वारा दिए गए कथित अवैध बिजली कनेक्शनों का मुद्दा भी उठाया। जिला अध्यक्ष सतीश गुप्ता और नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जांच की मांग की, जिन पर नियमों की अनदेखी कर कनेक्शन जारी करने का आरोप है।
बैठक में संरक्षक रजनीकांत माहेश्वरी, अनिल पुंढीर, जिला अध्यक्ष सतीश गुप्ता, नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, रजत बिरला, संजय माहेश्वरी, सतवीर सिंह मंकू, अंकिश अग्रवाल, संभव जैन, मनोज अग्रवाल और प्रदीप गुप्ता सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।