एसपीएस इंटरनेशनल अकादमी में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, काजल ने कोसी क्षेत्र में पाया प्रथम स्थान


कोसीकला। SPS International Academy में शनिवार को कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में कोसी क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली नंदगांव की छात्रा काजल का विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. रेखा गोयल, प्रधानाचार्य राव राजेंद्र कुमार तथा वरिष्ठ अध्यापकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सिंथिया राव, कनिष्का सोनी, मोहक कुमार, भारती, रेणु शर्मा, आरती, प्रिया श्रोत्रिया, शिवानी, उत्तम सिंगला, अंशिका, रजित बंसल, नंदिनी, दृष्टि, पृथ्वी, अभय, दिव्यांशी और मानवी सहित कई विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. रेखा गोयल ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चे समाज की रीढ़ होते हैं और उनकी सफलता पूरे परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाती है।
हाईस्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दृष्टि ने डॉक्टर बनकर समाज सेवा करने की इच्छा जताई, जबकि इंटरमीडिएट में कोसीकला क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली काजल ने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य बताया। इंटरमीडिएट साइंस स्ट्रीम में प्रथम स्थान हासिल करने वाली सिंथिया राव ने इकोनॉमिक्स के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल करने की बात कही, वहीं कॉमर्स स्ट्रीम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कनिष्का ने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना साझा किया।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।