कैंची धाम जा रहे 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, बाराबंकी एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर में घुसी इनोवा

कैंची धाम जा रहे 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, बाराबंकी एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर में घुसी इनोवा
बाराबंकी में सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
यह हादसा रात करीब 2:50 बजे भिखरा गांव के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक सुल्तानपुर की ओर से लखनऊ जा रहे एक ट्रेलर में पीछे से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे में राहुल कुमार (29) निवासी चंदौली, राहुल सिंह (30) निवासी गाजीपुर, सत्यम सिंह (30) निवासी बलिया और सूरज मिश्रा (31) निवासी सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंकज निवासी मिर्जापुर, प्रशांत निवासी बलिया और चंदन सिंह निवासी मिर्जापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।