स्कूल के पास कबर बिज्जू दिखने से मचा हड़कंप, वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

कासगंज। शहर के मोहल्ला जय जय राम गली स्थित जुलहन पटेल नगर में एक स्कूल के पास कबर बिज्जू दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जंगली जानवर की मौजूदगी से स्कूली बच्चों और अभिभावकों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद देर शाम उसे सुरक्षित पकड़ लिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने स्कूल के आसपास एक जंगली जानवर को घूमते देखा। देखते ही देखते इसकी खबर पूरे मोहल्ले में फैल गई। स्कूल के नजदीक जानवर दिखाई देने से अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए। इसके बाद लोगों ने वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और जानवर को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। घनी आबादी और संकरी गलियों के चलते रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह से शुरू हुआ अभियान देर शाम तक जारी रहा। आखिरकार वन कर्मियों ने जाल की मदद से कबर बिज्जू को सुरक्षित पकड़ लिया।

रेस्क्यू अभियान सफल होने के बाद इलाके के लोगों और स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने राहत की सांस ली। हालांकि, स्कूल के पास जंगली जानवर पहुंचने की घटना से दिनभर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।