
कासगंज। मेन बाजार स्थित सर्राफा प्रतिष्ठान से दूसरे ग्राहक के लाखों रुपये के जेवरों से भरा पर्स लेकर जाने वाले दंपती ने आखिरकार पूरा सामान वापस लौटा दिया। अखबार में पत्नी की फोटो के साथ खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित व्यक्ति स्वयं दुकान पर पहुंचा और 2 लाख 60 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषणों से भरा पर्स प्रतिष्ठान संचालक को सौंप दिया। सामान सुरक्षित वापस मिलने पर सर्राफा व्यापारी ने राहत की सांस ली और दंपती के इस कदम की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, मेन बाजार स्थित अखिलेश कुमार सराफ प्रतिष्ठान पर गुरुवार दोपहर करीब 3:50 बजे एक ग्राहक ने 2 लाख 60 हजार रुपये कीमत की सोने की नथ, नथ की लर और सोने की चेन खरीदी थी। ग्राहक ने आभूषणों को एक पर्स में रख लिया था। इसी दौरान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ करीब चार हजार रुपये की खरीदारी करने आया एक अन्य व्यक्ति गलती से जेवरों से भरा पर्स अपने साथ ले गया।
यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पर्स गायब होने की जानकारी मिलने पर दुकान संचालक अखिलेश अग्रवाल ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संबंधित दंपती की पहचान के लिए फुटेज साझा किए। उन्होंने मानवीय संवेदना दिखाते हुए पीड़ित ग्राहक को अपनी ओर से 2 लाख 60 हजार रुपये की रकम भी वापस कर दी थी।
इस मामले को अखबार ने फोटो सहित प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में संबंधित दंपती की तस्वीर सामने आने के बाद व्यक्ति को अपनी गलती का एहसास हुआ। इसके बाद वह बिना देर किए स्वयं दुकान पर पहुंचा और जेवरों से भरा पूरा पर्स अखिलेश अग्रवाल को लौटा दिया।
व्यक्ति ने बताया कि वह चोरी की नीयत से पर्स लेकर नहीं गया था, बल्कि खरीदारी के दौरान अनजाने में दूसरे ग्राहक का पर्स उसके साथ चला गया था। अखबार में पत्नी की तस्वीर के साथ खबर देखने के बाद उसे पूरी घटना का एहसास हुआ और वह सामान लौटाने पहुंच गया।
प्रतिष्ठान संचालक अखिलेश अग्रवाल ने दंपती द्वारा अपनी गलती स्वीकार कर समय रहते पूरा सामान वापस लौटाने के कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि आभूषण सुरक्षित वापस मिलना राहत की बात है। इस घटनाक्रम के बाद बाजार में भी मामले को लेकर चर्चा रही।