
मानदेय बढ़ाकर 35,400 रुपये करने और 6 हजार रुपये यात्रा भत्ता देने की मांग, 30 नवंबर तक समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे तकनीकी सहायक
हरदोई। मनरेगा एवं विकसित भारत–गारंटी और रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत कार्यरत तकनीकी सहायकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शासन और विभागीय अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने मांगों का निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर 2 दिसंबर से लखनऊ में कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है।
मनरेगा तकनीकी सहायक एसोसिएशन, जनपद हरदोई के जिलाध्यक्ष चंद्रेश कुमार पाल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि तकनीकी सहायकों के मानदेय में पिछले कई वर्षों से महंगाई के अनुरूप बढ़ोतरी नहीं की गई है। संगठन ने मुख्यमंत्री की ओर से मानव संसाधन नीति (एचआर पॉलिसी) लागू किए जाने संबंधी पूर्व घोषणा का हवाला देते हुए कहा कि इस संबंध में कई बार शासन और ग्राम्य विकास विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
संगठन के महामंत्री दिग्लेश कुमार के अनुसार तकनीकी सहायक ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की प्रतिदिन तकनीकी निगरानी और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें वर्तमान मानदेय में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
35,400 रुपये न्यूनतम वेतन और 6 हजार यात्रा भत्ते की मांग
संगठन ने तकनीकी सहायकों के लिए न्यूनतम 35,400 रुपये वेतनमान निर्धारित करने के साथ 6,000 रुपये प्रतिमाह यात्रा भत्ता देने की मांग की है। इसके अलावा एचआर पॉलिसी लागू करने, पिछले बकाया मानदेय और ईपीएफ का शीघ्र भुगतान करने तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है।
वार्ता और आश्वासन के बाद भी नहीं निकला समाधान
पत्र के मुताबिक, इस संबंध में आयुक्त, ग्राम्य विकास की ओर से 16 सितंबर 2026 को पत्र जारी किया गया था। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों को 26 सितंबर को वार्ता के लिए समय दिया गया। इस दौरान समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया। संगठन का कहना है कि प्रमुख सचिव स्तर पर भी पदाधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता हुई थी।
इसके बाद संगठन ने 28 सितंबर 2026 को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया था। हालांकि, संगठन का आरोप है कि वार्ता और आश्वासन के बावजूद मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
2 दिसंबर से लखनऊ में आंदोलन की चेतावनी
तकनीकी सहायकों ने शासन और विभाग को 30 नवंबर 2026 तक मांगों का समाधान करने का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेश संगठन के आह्वान पर 2 दिसंबर 2026 से लखनऊ में कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन ने प्रस्तावित आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होने की बात कही है। तकनीकी सहायकों ने सरकार से अपील की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की तकनीकी निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिल सके।