रिपोर्ट -पंकज चतुर्वेदी

रामनगर (बाराबंकी)। ऐतिहासिक लोधेश्वर महादेवा धाम में इस बार आस्था के साथ साहित्य, संगीत और मनोरंजन का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा। छह दिसंबर से शुरू होने जा रहे महादेवा महोत्सव में जहां देशभर के ख्यातिलब्ध कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे और देशप्रेम का जज्बा जगाएंगे, वहीं भजन, बॉलीवुड, भोजपुरी और गजल की सुरमयी शामें भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला परिसर में साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सांस्कृतिक मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की सूची भी तैयार कर ली गई है।
कवि सम्मेलन में सजेगी हास्य-व्यंग्य और ओज की महफिल
महोत्सव के पहले दिन छह दिसंबर को आयोजित होने वाला कवि सम्मेलन विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें ओजस्वी कवयित्री कविता तिवारी के साथ विष्णु सक्सेना, शंभू शिखर, प्रियांशु गजेंद्र, डॉ. अनिल चौबे, कृपा संगम और स्वर्गीय श्रीवास्तव अपनी काव्य रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और वीर रस की कविताओं के जरिए कवि सामाजिक विसंगतियों, राजनीति, शिक्षा व्यवस्था और समसामयिक विषयों पर अपनी बात रखेंगे।
एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि छह दिसंबर को होने वाले कवि सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित कवि और कवयित्रियां शामिल होंगी। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
भजन से बॉलीवुड तक सजेगी सांस्कृतिक शाम
महादेवा महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में भी संगीत की विविध विधाओं का रंग देखने को मिलेगा। भजन संध्या में प्रसिद्ध गायिका तृप्ति शाक्य अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। वहीं बॉलीवुड नाइट में रेणुका पवार अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
भोजपुरी संगीत के प्रेमियों के लिए पंडित सिस्टर्स की प्रस्तुति खास रहेगी, जबकि गजल संध्या में डिंपल भूमि अपनी गायकी से सुरों की महफिल सजाएंगी।
हर शाम होगा अलग रंग और अंदाज
महादेवा महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ साहित्य और संगीत की विविध विधाओं को मंच देने की तैयारी है। कवि सम्मेलन से लेकर भजन, बॉलीवुड, भोजपुरी और गजल की प्रस्तुतियां तक, हर शाम दर्शकों के लिए खास होगी। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कला-साहित्य प्रेमियों की भागीदारी रहेगी।