
रिपोर्ट – बोबी ठाकुर | कासगंज।
मोहनपुरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहनी के गांव मामुरगंज में बदहाल सफाई व्यवस्था ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। गांव की गलियों में जगह-जगह कीचड़ और गंदगी जमा है। हालात ऐसे हैं कि आगामी 2 दिसंबर को होने वाली शादी में बारात को भी इन्हीं कीचड़ भरी गलियों से होकर गुजरना पड़ेगा। शादी की तैयारियों के बीच रास्तों की बदहाली ने परिवार की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद ग्राम प्रधान समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
शादी की खुशियों के बीच कीचड़ बना परेशानी
गांव निवासी महावीर सिंह की भतीजी की शादी 2 दिसंबर को होनी है। घर में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन गांव के मुख्य रास्तों और गलियों में जमा कीचड़ परिवार के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गलियों में पैदल निकलना तक मुश्किल है। ऐसे में बारातियों और मेहमानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रधान पर अनदेखी और टालमटोल के आरोप
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार पर गांव की सफाई व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रधान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने की जरूरत नहीं समझी। आरोप है कि समस्या को लेकर फोन करने पर या तो कॉल रिसीव नहीं की जाती या फिर संतोषजनक जवाब देने के बजाय टालमटोल की जाती है।
‘8 से 10 लाख शादी में खर्च कर रहे हो, सफाई भी खुद करा लो’
ग्रामीणों के मुताबिक, जब शादी से पहले गलियों की सफाई कराने की मांग की गई तो प्रधान ने कथित तौर पर ऐसा जवाब दिया, जिसने लोगों को नाराज कर दिया। आरोप है कि प्रधान ने कहा कि जब परिवार शादी में 8 से 10 लाख रुपये खर्च कर रहा है तो सफाई के लिए एक-दो हजार रुपये भी खुद खर्च कर सकता है।
प्रधान के इस कथित बयान से ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि गांव की सफाई और बुनियादी सुविधाएं ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी हैं। इसके लिए शादी वाले परिवार को अपनी जेब से पैसा खर्च करने की सलाह देना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी से बचने जैसा है। ग्रामीणों का सवाल है कि यदि गांव की गलियों की सफाई भी लोगों को खुद ही करानी है तो ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी आखिर क्या है?
प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित खंड विकास अधिकारी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि 2 दिसंबर से पहले गांव में विशेष सफाई अभियान चलाकर गलियों से कीचड़ और गंदगी हटवाई जाए, ताकि शादी समारोह में आने वाले बारातियों और मेहमानों को परेशानी न हो। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की इस मांग पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।