जातियों की दीवार तोड़ हिंदू एकता का संदेश दे रहे योगी, यूपी की राजनीति में बना अलग मुकाम

(पंकज चतुर्वेदी)

लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी राजनीति का प्रमुख आधार राष्ट्रवाद, हिंदुत्व, सुशासन और जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एकजुट करने का संदेश रहा है। यही वजह है कि समर्थकों के बीच योगी केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि भाजपा के प्रमुख राजनीतिक चेहरे के रूप में भी देखे जाते हैं।

योगी आदित्यनाथ लगातार हिंदू समाज से जातियों में बंटने के बजाय एकजुट रहने की अपील करते रहे हैं। उनका यह संदेश सामाजिक एकता की राजनीति को नई चर्चा देता है। समर्थकों का मानना है कि उनकी स्पष्ट विचारधारा और बेबाक कार्यशैली ने उन्हें प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी विशिष्ट पहचान दिलाई है।

दूसरे राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा की ओर से योगी आदित्यनाथ की मांग और उनकी चुनावी सभाओं को मिलने वाला महत्व भी उनके बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को दर्शाता है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार के चुनावों में उनकी सक्रियता ने उन्हें पार्टी के प्रमुख स्टार प्रचारकों की कतार में स्थापित किया है।

हालांकि भाजपा के प्रति सामान्य वर्ग के कुछ हिस्सों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी की चर्चाएं भी हैं। ऐसे में समर्थकों की अपेक्षा है कि योगी आदित्यनाथ संवाद और अपनी कार्यशैली के जरिए इन वर्गों की शिकायतों को सुनने तथा उन्हें साथ लेकर चलने की पहल करें।

अब निगाहें 2027 के विधानसभा चुनाव पर हैं। योगी के सामने अपनी सरकार के कामकाज, सामाजिक एकता के संदेश और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की चुनौती होगी। प्रदेश की राजनीति में उनका बढ़ता कद इस बात को रेखांकित करता है कि भाजपा की आगामी रणनीति में उनका नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।