
रिपोर्ट -बोबी ठाकुर
कासगंज जनपदके थाना क्षेत्र के ग्राम नगला अजीत में रविवार शाम एक निर्माणाधीन मकान के लेंटर से गिरकर 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम औरंगाबाद निवासी विवेक कुमार (25) पुत्र किशनपाल राठौर रविवार को नगला अजीत में एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी करने गया था। शाम के समय मकान का लेंटर पड़ने के बाद वह पहली मंजिल से मिक्सर मशीन खोलने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जमीन पर आ गिरा, जिससे उसके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद साथी मजदूरों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल विवेक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।