आगरा में सड़क हादसे का दुखद अंत: घायल बाइक सवार रोहित बघेल ने उपचार के दौरान तोड़ा दम


Agra में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के श्याम नगर निवासी रोहित बघेल पुत्र नौरंगी लाल बघेल घर पर ही परचून की दुकान चलाते थे। उनके पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं, जिनमें रोहित दूसरे नंबर पर थे।
बताया गया कि 19 तारीख की रात रोहित अपनी दुकान बंद करने के बाद फाउंड्री नगर स्थित दूसरे मकान पर गए थे। वहां से बाइक से वापस लौटते समय रास्ते में सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। बुधवार को नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।