
पुष्पांजलि हॉस्पिटल में 23 वर्षीय युवक का जटिल ऑपरेशन सफल, आयुष्मान भारत योजना से हुआ मुफ्त इलाज; निजी अस्पताल ने बताया था 10 लाख रुपये खर्च
लखनऊ। चिकित्सा विज्ञान और चिकित्सकीय दक्षता का अनूठा उदाहरण लखनऊ के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में देखने को मिला। यहां मऊ निवासी 23 वर्षीय अविनाश सिंह के ब्रेन ट्यूमर का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। सर्जरी की खास बात यह रही कि डॉक्टरों ने मरीज को होश में रखते हुए ऑपरेशन किया। इस दौरान अविनाश घुंघरू बजाता रहा और डॉक्टर मस्तिष्क की जटिल सर्जरी करते रहे।
दरअसल, मस्तिष्क के संवेदनशील हिस्सों के पास ट्यूमर होने पर सर्जरी के दौरान मरीज की शारीरिक और न्यूरोलॉजिकल गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी होता है। इसके लिए चिकित्सकों ने विशेष तकनीक का इस्तेमाल करते हुए मरीज को ऑपरेशन के दौरान जागृत रखा, ताकि मस्तिष्क के महत्वपूर्ण कार्यों को सुरक्षित रखा जा सके।
डॉ. विनोद तिवारी के नेतृत्व में हुई सर्जरी
पुष्पांजलि हॉस्पिटल एवं एडवांस न्यूरो एंड जनरल हॉस्पिटल के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. विनोद तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम दिया। ऑपरेशन के दौरान मरीज की गतिविधियों और स्थिति की लगातार निगरानी की गई। पूरी सावधानी और कुशलता के साथ सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की गई।
ऑपरेशन टीम में सर्जन डॉ. विनोद तिवारी, एनेस्थेटिस्ट डॉ. आलोक सिंह तथा ओटी टेक्नीशियन प्रमोद सिंह, जतिन और रुचि कश्यप शामिल रहे। इस सफलता में अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. हरेंद्र यादव, सीईओ डॉ. विवेक कुमार गुप्ता और डॉ. स्वाति यादव का भी विशेष सहयोग रहा।
आयुष्मान योजना ने दिया आर्थिक सहारा
इस मामले की एक और खास बात यह रही कि मरीज का इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किया गया। परिजनों के मुताबिक, एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन पर करीब 10 लाख रुपये खर्च बताया गया था। ऐसे में आयुष्मान योजना के माध्यम से बिना आर्थिक बोझ के जटिल सर्जरी संभव हो सकी। यह सफलता आधुनिक चिकित्सा तकनीक के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की उपयोगिता को भी रेखांकित करती है।